Haldwani: काठगोदाम क्षेत्र स्थित गौला बैराज में एक बुजुर्ग द्वारा नदी में कूदने की सूचना पर जल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनकी जान बचा ली। घटना शुक्रवार की है, जब हे0का0 जल पुलिस प्रताप गड़िया को कॉलर दीपक भण्डारी द्वारा सूचना दी गई कि एक व्यक्ति बैराज में कूद गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना नाम मोहन चन्द्र उपाध्याय (80 वर्ष), निवासी गंगाविहार, कुसुमखेड़ा बताया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनके परिजनों को सूचना दी। मौके पर उनके पुत्र यत्तीश उपाध्याय और ममता उपाध्याय पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि मोहन चन्द्र उपाध्याय डिप्रेशन से ग्रसित हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस पूरी घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ी अनहोनी टल गई, जिससे क्षेत्र में राहत की सांस ली गई।

Chief Editor, Aaj Khabar
