Headlines

Dehradun: देहरादून ब्रिगेडियर हत्याकांड के दो मुख्य शूटरों को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, अब तक 9 आरोपी हिरासत में।

Dehradun: देहरादून ब्रिगेडियर हत्याकांड के दो मुख्य शूटरों को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, अब तक 9 आरोपी हिरासत में।
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात दून पुलिस को जोहड़ी गांव में सघन चेकिंग के दौरान हत्या में शामिल संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया। गुनियाल गांव के जंगल क्षेत्र में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और बाद में उसे पकड़ लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट द्वारा भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Dehradun
एसएसपी डोबाल अस्पताल में घायल आरोपी की स्थिति का जायजा लेते हुए

गौरतलब है कि 30 मार्च की सुबह आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सैर पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई थी।

जांच में सामने आया कि 29 मार्च की रात आरोपी कुठालगेट स्थित एक रेस्टोरेंट में पहुंचे थे, जहां उन्होंने शराब और भोजन किया। करीब 40 हजार रुपये का बिल आने पर उन्होंने स्टाफ के साथ मारपीट की और विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने बार स्टाफ की गाड़ी का पीछा करते हुए जोहड़ी गांव में चलती कार से फायरिंग कर दी, जिसकी गोली ब्रिगेडियर जोशी के सीने में जा लगी।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (निवासी मुजफ्फरनगर) और 21 वर्षीय शांतनु त्यागी (निवासी सहारनपुर) के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि अब कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *