Pauri: पौड़ी गढ़वाल के पोखड़ा क्षेत्र से मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत और शोक में डुबो दिया है। ग्रामसभा भतकोट निवासी हरेंद्र सिंह की चार वर्षीय मासूम बेटी दृष्टि गुरुवार शाम घर की चौखट पर बैठकर खाना खा रही थी। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर उसे उठाकर जंगल की ओर खींच लिया।
घटना के समय बच्ची की बड़ी बहन और दादी पास में ही मौजूद थीं। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू कर दी गई। हालांकि रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली। काफी मशक्कत के बाद बच्ची का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही रेंजर नक्षत्र शाह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जबकि सतपुली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस हृदयविदारक घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी और डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग की। आक्रोशित लोगों ने शव उठाने से भी इनकार कर दिया।
शुक्रवार सुबह एसडीएम रेखा आर्य और डीएफओ महातिम यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद घर के पास ही पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। क्षेत्र में लगातार बढ़ती गुलदार की घटनाओं ने ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना दिया है। लोगों ने वन विभाग से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाने की मांग की है।
स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित
गुलदार के बढ़ते आतंक को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर विकासखंड पोखड़ा और बीरोंखाल के कई विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार जोशी के अनुसार, न्याय पंचायत कोलाखाल के अंतर्गत संचालित राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटल्यूं, मयलगांव, पटोटी और जनता इंटर कॉलेज कुण्जखाल में कक्षा 1 से 12 तक 4 अप्रैल (शनिवार) और 6 अप्रैल (सोमवार) को अवकाश रहेगा।
इसी क्रम में विकासखंड बीरोंखाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय तिमली, कण्डूली बड़ी, ढिस्वाणी, भरपूर बड़ा तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय तिमली और कण्डूली बड़ी में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए भी इन दोनों तिथियों को छुट्टी घोषित की गई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
