Haldwani: दीपावली और धनतेरस पर्व पर शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तीन दिवसीय ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में हल्द्वानी शहर में सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। दूध, सब्जी, तेल और गैस जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी बाईपास मार्गों का ही प्रयोग करेंगे।
रोडवेज, सिटी, सिडकुल और वॉल्वो बसों के लिए भी विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रामपुर रोड, बरेली रोड, कालाढूंगी रोड और काठगोदाम से आने-जाने वाली बसें वैकल्पिक रास्तों से संचालित होंगी। रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी से दिल्ली और अन्य शहरों के लिए चलने वाली वॉल्वो बसें गौलापार मार्ग का उपयोग करेंगी।
छोटे वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। बरेली, रामपुर और कालाढूंगी रोड से आने-जाने वाले वाहनों को गौलापार, मुखानी, पनचक्की और कॉलटैक्स मार्गों का उपयोग करना होगा। पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहन भी डायवर्जन रूट से ही शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
बाजार क्षेत्र में किसी भी प्रकार के दोपहिया, चौपहिया या बड़े वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य बाजार में आने वाले वाहनों के लिए रामलीला मैदान, रेलवे स्टेशन, मिनी स्टेडियम रोड, पर्वतीय उत्थान मंच, लक्ष्मी शिशु मंदिर और एचएन इंटर कॉलेज मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
ऑटो और मैजिक स्टैंड भी अस्थायी रूप से स्थानांतरित किए गए हैं। कालाढूंगी चौराहा, जेल रोड तिराहा, बर्फवाली गली, एचएन इंटर कॉलेज रोड और लक्ष्मी शिशु मंदिर के पास निर्धारित स्टैंडों से ऑटो-मैजिक संचालन होगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करें ताकि त्योहारों के दौरान शहर में यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
