Haldwani: हल्द्वानी के सुभाष नगर क्षेत्र में 25 अप्रैल 2026 की शाम एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। एक व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसमें वादी कमल परमार और उनका पोता बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमल परमार पुत्र डुंगर सिंह परमार, निवासी कपूर आटा चक्की, सुभाष नगर, हल्द्वानी, अपने साथियों योगेन्द्र परमार पुत्र नरेन्द्र सिंह परमार निवासी आदर्श कॉलोनी, सुभाष नगर तथा सुदर्शन परमार पुत्र दर्शन सिंह परमार निवासी बैंक कॉलोनी, दोनहरिया, हल्द्वानी के साथ थाना कोतवाली पहुंचे और एक लिखित तहरीर दी।
तहरीर में बताया गया कि 25 अप्रैल 2026 को लगभग शाम 7 बजे मनीष परिहार नामक व्यक्ति ने अपनी कार संख्या UK04AQ-3663 से आकर वादी को निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से फायर किया। चलाई गई गोली वादी के मकान की सीढ़ियों (जीने) पर जाकर लगी। इस घटना में वादी और उनका पोता किसी तरह बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 139/2026 धारा 109 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया।
गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष परिहार पुत्र जवाहर सिंह परिहार निवासी कृष्णा नगर फेस-ई, डहरिया, हल्द्वानी (मूल निवासी ग्राम असों, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर) उम्र 45 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अदद रिवाल्वर (.32 बोर), एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस (.32 बोर) बरामद किया गया है।
इस कार्रवाई में व0उ0नि0 भूपेन्द्र सिंह मेहता, कांस्टेबल ललित नाथ और कांस्टेबल मुकेश सिंह शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों की जांच जारी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
