Haldwani: शहर के मुखानी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव होटल के बाथरूम में नग्न अवस्था में मिला, जबकि कमरे और बाथरूम में उल्टी फैली हुई थी। घटना से पहले कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने की बात भी सामने आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे को सील कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, हनुमान मंदिर के पास स्थित होटल नंदी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक कमरे के भीतर युवक मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी 30 वर्षीय लाल साहब पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक सुबह करीब साढ़े छह बजे होटल में ठहरा था।
होटल संचालक के मुताबिक, रात करीब साढ़े आठ बजे कमरे से अचानक तेज चीखने और चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक प्रतिक्रिया न मिलने पर अनहोनी की आशंका जताई गई।
इसके बाद होटल स्टाफ ने मास्टर की की मदद से दरवाजा खोला। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। युवक बाथरूम के फर्श पर नग्न अवस्था में मृत पड़ा था। कमरे और बाथरूम में उल्टी फैली हुई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
सीओ सिटी हल्द्वानी अमित कुमार ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक हल्द्वानी किस उद्देश्य से आया था और घटना के पीछे क्या परिस्थितियां रहीं।

Chief Editor, Aaj Khabar
