Haldwani: नैनीताल पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में हल्द्वानी पुलिस ने एक शातिर अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को हीरानगर निवासी प्रकाश कविदयाल ने घर के सामने से अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (UK 04 K 6143) चोरी होने की रिपोर्ट थाना हल्द्वानी में दर्ज कराई थी। इसके बाद 11 मार्च 2026 को राजपुरा निवासी सुमित मार ने अपनी दुकान से चार मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल द्वारा सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर सुरागरसी करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी कवि बिष्ट पुत्र कुन्दन सिंह (33 वर्ष) निवासी गोलू माजरा डेरावसी, थाना डेरावसी, मोहाली (चंडीगढ़) को चोरी के माल के साथ दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन (तीन वीवो और एक सैमसंग) सहित एक देशी पिस्टल (32 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तारी के दौरान अवैध हथियार मिलने पर आरोपी के खिलाफ थाना हल्द्वानी में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त एक पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ उत्तराखंड के अलावा चंडीगढ़ और हरियाणा के पंचकुला समेत विभिन्न थानों में चोरी, लूट और झपटमारी के 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
