Haldwani: जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जनपद में ऑपरेशन सेनीटाइज अभियान के तहत लगातार गली-मोहल्लों में सत्यापन कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में सोमवार को मुखानी और काठगोदाम थाना क्षेत्रों में विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई दो टीमों द्वारा की गई, जिनमें पहली टीम का नेतृत्व सीओ हल्द्वानी श्री नितिन लोहनी, क्षेत्राधिकारी श्री सुमित पाण्डे, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी श्री राजेश यादव तथा थानाध्यक्ष वनभूलपुरा श्री नीरज भाकुनी ने किया। वहीं दूसरी टीम में श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल, श्री दीपक बिष्ट, SSB/PAC व पुलिस बल के अधिकारी शामिल रहे।
अलग-अलग टीमों द्वारा गली-मोहल्लों में जाकर बिना सत्यापन रह रहे व्यक्तियों की जांच की गई और उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान की गई प्रमुख कार्रवाई इस प्रकार रही:
- कुल 218 व्यक्तियों का मौके पर सत्यापन किया गया।
- 20 मकान मालिकों पर 10-10 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए गए, जिससे कुल 2 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
- 1 मकान मालिक का 5000 रुपये का नगद चालान किया गया।
- 13 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए 8500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस द्वारा लोगों को किरायेदारों और मजदूरों का समय से सत्यापन कराने के लिए जागरूक भी किया गया।
जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों एवं श्रमिकों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं ताकि क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और शांति व्यवस्था बनी रहे।
यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
