Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में छात्रों के दो गुटों की झड़प के बाद अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, हुड़दंग और अघोषित रैली पर एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Haldwani: हल्द्वानी में छात्रों के दो गुटों की झड़प के बाद अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, हुड़दंग और अघोषित रैली पर एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
शेयर करे-

Haldwani: छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी प्रकार की अराजकता, गुटबाजी, हुड़दंग, रैश ड्राइविंग या यातायात व्यवस्था में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने शहर में विशेष निगरानी बढ़ा दी है और चुनाव से जुड़ी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

देर रात हल्द्वानी के दुर्गा सिटी सेंटर के पास दिल्ली चाट की दुकान के समीप छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प की सूचना पुलिस को मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रों के बीच मारपीट हुई और इस दौरान कुर्सियां तोड़े जाने के साथ ही हेलमेट तथा लाठी-डंडों के इस्तेमाल की बात सामने आई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।

मामले में दिल्ली चाट दुकान संचालक की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने छात्रसंघ चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों, प्रत्याशियों, छात्र नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनाव संबंधी प्रचार प्रसार एवं अन्य गतिविधियां कॉलेज परिसर की निर्धारित सीमाओं के भीतर ही रहें। उन्होंने कहा कि कैंपस से बाहर प्रत्येक व्यक्ति सामान्य नागरिक है और कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होता है।

छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में चुनाव से जुड़े सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे नियमों और कानून का पालन करें। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ ही विशेष निगरानी की जा रही है।

एसएसपी ने बताया कि शाम 5 से 6 बजे के बाद छात्रों के गुटों द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में झुंड बनाकर घूमने, होटल, रिजॉर्ट, ढाबे और कैफे में समूह बनाकर अड्डेबाजी करने जैसी गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की निगरानी विशेष रूप से इन गतिविधियों पर रहेगी:

• अवैध रूप से वाहनों का समूह बनाकर मिनी रैली या अघोषित रैली निकालना।

• रैश ड्राइविंग कर यातायात व्यवस्था को प्रभावित करना।

• गुटबाजी के माध्यम से शहर में अशांति या अराजकता फैलाना।

• सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट या हुड़दंग करना।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि हल्द्वानी की स्थानीय जनता की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा शहर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि छात्रसंघ चुनाव की गतिविधियां कॉलेज परिसर के भीतर नियमों के अनुसार हों, लेकिन शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *