Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में प्रतियोगी छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, कोचिंग से लौटने के बाद उठाया खौफनाक कदम

Haldwani: हल्द्वानी में प्रतियोगी छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, कोचिंग से लौटने के बाद उठाया खौफनाक कदम
शेयर करे-

Haldwani: शहर के मुखानी क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान हेमंत परिहार पुत्र राजेंद्र परिहार निवासी सुनियाकोट (बड़गांव), अल्मोड़ा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार हेमंत मुखानी के भगवनपुर केसर कॉलोनी स्थित अपने ताऊ के घर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बुधवार सुबह वह कोचिंग से वापस घर लौटा। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद उसने पानी पिया और अपने कमरे में चला गया।

काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। परिवार के लोगों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो हेमंत पंखे से फंदे पर लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

परिजन आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए अल्मोड़ा ले जाया जाएगा। हेमंत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि छात्र ने आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *