Headlines

Dehradun: 2027 चुनाव मिशन पर भाजपा, तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन

Dehradun: 2027 चुनाव मिशन पर भाजपा, तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
शेयर करे-

Dehradun: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनका यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। दौरे के दौरान वे संगठनात्मक बैठकों के जरिए प्रदेश नेतृत्व, मंत्रियों, विधायकों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आज शाम करीब 6 बजे देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए पार्टी कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया है। आगमन के बाद वे भाजपा कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश मंत्रिमंडल के साथ अलग बैठक कर संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

29 मई को नितिन नबीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पहुंचेंगे। इस दौरान वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के परिवार से भी मुलाकात करेंगे। दिनभर सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और मोर्चा पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं।

इसके अलावा मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी टीम और पार्टी प्रवक्ताओं के साथ भी अलग बैठक की जाएगी। शाम को वे शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में हिस्सा लेंगे।

दौरे के तीसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ समितियों, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वे आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को जरूरी दिशा-निर्देश भी देंगे।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने बताया कि इस दौरान संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा के साथ आगामी चुनाव की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा होगी। भाजपा इस दौरे को मिशन 2027 की तैयारी का अहम चरण मान रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *