Haridwar: हरिद्वार के पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आसफनगर में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती को गिरफ्तार किया है। युवती पर पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन करने का आरोप है। हालांकि मौके से कोई नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन मामला करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र में पुलिस ने कुछ दिन पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने आसफनगर निवासी युवती का नाम उजागर किया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर पुलिस से संपर्क कर स्थानीय पुलिस की मदद से गांव में छापेमारी की।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को युवती की पहचान करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। पहचान होने के बाद युवती सोनम को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई। बाद में पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई।
अचानक हुई इस कार्रवाई से परिजन और स्थानीय लोग हैरान रह गए। क्षेत्र में चर्चा है कि युवती भी पाकिस्तान के जरिए बड़े स्तर पर नकदी ट्रांजेक्शन के नेटवर्क से जुड़ी हुई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
एसएचओ कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज केस से संबंधित है। स्थानीय पुलिस ने केवल आवश्यक सहयोग किया है। उन्होंने युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
