Headlines

Nainital: उत्तराखंड एसडीजी रैंकिंग में नैनीताल को बड़ी उपलब्धि, मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी रयाल को किया सम्मानित

Nainital: उत्तराखंड एसडीजी रैंकिंग में नैनीताल को बड़ी उपलब्धि, मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी रयाल को किया सम्मानित
शेयर करे-

Nainital: अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों, संगठनों और अधिकारियों को सम्मानित किया। इस दौरान जनपद नैनीताल को राज्य स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में कार्य कर रहे संस्थान और कर्मयोगी समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नवाचार और दृढ़ संकल्प के माध्यम से असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि एक समय नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, जबकि अब राज्य देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। सरकार सुशासन, गरीब कल्याण, सड़क, बिजली, पानी और सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि तथा प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में तेजी से हुए विकास के कारण राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है और लोग गांवों की ओर लौटकर स्वरोजगार अपनाने लगे हैं।

राज्य स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को प्रथम स्थान मिला, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *