Haldwani: “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत कुमाऊँ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। रेंज एसओटीएफ टीम और थाना वनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला अभियुक्ता को 39.58 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मा० मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” विज़न को साकार करने के लिए प्रदेशभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आईजी कुमाऊँ रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में संयुक्त टीम ने 14 मई 2026 को वनभूलपुरा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने राबिया पत्नी फहीम उर्फ बबलू निवासी अली मस्जिद के पास, नाले के पास बंद गली, थाना वनभूलपुरा को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 39.58 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ थाना वनभूलपुरा में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
संयुक्त टीम में उप निरीक्षक मनोज यादव और कांस्टेबल दिलशाद अहमद सहित रेंज एसओटीएफ व वनभूलपुरा पुलिस टीम के जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
