New Delhi: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार को घोषणा करते हुए बताया कि NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा अब 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। पेपर लीक विवाद के बाद यह फैसला लिया गया है।
एनटीए ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही अभ्यर्थियों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।
सूत्रों के अनुसार, परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर गुरुवार देर शाम उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, NTA महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE चेयरपर्सन राहुल सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 22.79 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। हालांकि पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि पुनः परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को नया रजिस्ट्रेशन नहीं कराना होगा और न ही किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस देनी होगी। NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यह परीक्षा MBBS, BDS और अन्य मेडिकल अंडरग्रेजुएट कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। इस वर्ष परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में पेन-एंड-पेपर मोड में कराई गई थी।
वहीं, कथित पेपर लीक मामले की जांच CBI कर रही है। एजेंसी अब तक कई आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है और NTA के भीतर संभावित मिलीभगत की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

Chief Editor, Aaj Khabar
