Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: बनभूलपुरा रेलवे भूमि फैसले से पहले नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट पर, सुरक्षा प्रबंध कड़े

Haldwani: बनभूलपुरा रेलवे भूमि फैसले से पहले नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट पर, सुरक्षा प्रबंध कड़े
शेयर करे-

Haldwani: बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण प्रकरण में 10 दिसंबर 2025 को संभावित न्यायालयीय निर्णय के मद्देनज़र नैनीताल पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार, 08 दिसंबर 2025 को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त बल तैनाती, सुरक्षा प्रबंधन और नियंत्रण उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश दिए।

निर्देशों के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में बैरिकेटिंग की जाएगी और बनभूलपुरा के मुख्य कोर क्षेत्र में लोकल पहचान पत्र के बिना प्रवेश वर्जित रहेगा। बनभूलपुरा और हल्द्वानी में आज से ही BDS टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। संभावित उपद्रवियों पर पाबंद मुचलका की कार्रवाई की जाएगी तथा पुलिस द्वारा लगातार टीम बनाकर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।

09 दिसंबर को बनभूलपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए डायवर्जन प्लान समय से जारी करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सोशल मीडिया पर भी नैनीताल पुलिस की पैनी नज़र बनी हुई है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह, भड़काऊ संदेश या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक क्राइम/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक दूरसंचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।