Dehradun: देहरादून के ननूरखेड़ा में सोमवार को आयोजित 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रैतिक परेड का निरीक्षण किया और विभागीय स्मारिका 2025 तथा कैलेंडर 2026 का विमोचन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सेवा प्रदत्त एवं दिवंगत होमगार्ड के आश्रितों को चेक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि होमगार्ड स्वयंसेवकों को वर्दी भत्ता अनुमन्य किया जाएगा। साथ ही राज्य में अंतरजनपदीय ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड स्वयंसेवकों को मिलने वाला भोजन भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रतिदिन किया गया है। नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण भत्ते को भी 50 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये प्रतिदिन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय जवानों की सुविधा और उनके समर्पण के सम्मान को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रस्तुत परेड जवानों की उत्कृष्टता, साहस और सेवा भाव को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स के जवान कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, निष्ठा और अदम्य इच्छाशक्ति के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। राज्य सरकार ने जवानों के कल्याण और संगठन के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लागू किए हैं।
सरकार ने पहली बार होमगार्ड जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश प्रदान करने का निर्णय लिया है। महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश सुविधा भी शुरू की गई है। इसके साथ ही 9 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर ड्यूटी करने वाले होमगार्ड्स को 200 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है, जबकि एसडीआरएफ के साथ प्रशिक्षित हुए जवानों को 100 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था और कांवड़ यात्रा, कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। चार धामों और हरिद्वार में स्थापित होमगार्ड्स हेल्प डेस्क श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी होमगार्ड्स जवान त्वरित राहत और बचाव कार्य में जुटकर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं। राज्य सरकार जवानों के मनोबल और समर्पण का सम्मान करते हुए आगे भी उनके हितों में कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, सविता कपूर, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, कैलाश पंत, मधु भट्ट, श्यामवीर सैनी, सचिव शैलेश बगोली, डीजीपी दीपम सेठ, डीजी होमगार्ड पीवीके प्रसाद सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
