Haldwani: उत्तराखंड की वरिष्ठ जननेता स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश की 85वीं जयंती के अवसर पर हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में भव्य स्मृति दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके प्रेरणादायक जीवन और योगदान को नमन किया।
जिला एवं महानगर कांग्रेस परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नैनीताल और ऊधम सिंह नगर से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन पहुंचे। सभी वक्ताओं ने स्व. इंदिरा हृदयेश के व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके जनसेवा के संकल्प को याद करते हुए उन्हें उत्तराखंड की राजनीति का सशक्त स्तंभ बताया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि इंदिरा हृदयेश का जीवन जनसेवा, संघर्ष और समर्पण की मिसाल रहा है। उन्होंने प्रदेश के विकास और जनता के अधिकारों के लिए जो कार्य किए, वे सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि इंदिरा जी केवल एक जननेता नहीं, बल्कि सभी के लिए मार्गदर्शक थीं। उनके संस्कार और जनसेवा की भावना आज भी हम सभी को प्रेरित करती है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल ने उन्हें दूरदर्शी और मजबूत नेतृत्व की प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा आमजन की आवाज को प्राथमिकता दी और जनहित के लिए निरंतर संघर्ष किया।
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि इंदिरा हृदयेश का राजनीतिक जीवन निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे इंदिरा हृदयेश के दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रदेश के विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे तथा उनके अधूरे सपनों को साकार करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष हरीश मेहता, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल, पूर्व राज्यमंत्री सुहैल सिद्दीकी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला दत्त भट्ट सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
