Haldwani: उत्तराखंड में चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्माइल” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। मुखानी थाना क्षेत्र से लापता हुए 21 वर्षीय युवक को पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के रामपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल लौट आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर (भगत कॉलोनी, गैस गोदाम रोड) निवासी पंकज पंत 20 मार्च 2026 को बिना किसी को बताए घर से कहीं चले गए थे। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस में सूचना दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में तथा पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में गठित “ऑपरेशन स्माइल टीम द्वितीय” ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने आधुनिक तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण करते हुए युवक की तलाश तेज कर दी।
लगातार प्रयासों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस टीम ने युवक को रामपुर (उत्तर प्रदेश) से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बेटे के सुरक्षित लौटने पर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने नैनीताल पुलिस और पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके मानवीय दृष्टिकोण और तत्परता की सराहना की।
गौरतलब है कि “ऑपरेशन स्माइल” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस अब तक कुल 32 गुमशुदा व्यक्तियों को बरामद कर चुकी है, जिनमें 01 बालक, 04 बालिकाएं, 09 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
