Rudrapur: उत्तराखंड एसटीएफ ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में ऑटोमैटिक हथियार, कारतूस और सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही कार बरामद की है। इस ऑपरेशन के साथ ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक बड़े गैंग के नेटवर्क को भी ध्वस्त कर दिया गया है।
एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम कुमाऊं ने कोतवाली जसपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों के कब्जे से दो पम्प एक्शन गन, दो पिस्टल (.32 बोर) और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शमशेर सिंह (39 वर्ष), निवासी ग्राम हजीरा, थाना जसपुर और सिमरनजीत (37 वर्ष), निवासी अंजनिया फार्म, थाना पुलभट्टा, जनपद उधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सिमरनजीत थाना पुलभट्टा का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों अभियुक्तों को जसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ये हथियार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से लाए थे और जसपुर में बेचने की फिराक में थे। साथ ही यह भी सामने आया है कि इन हथियारों को फर्जी लाइसेंस के जरिए वैध दिखाकर आगे सप्लाई करने की योजना थी। मामले में अन्य इनपुट्स पर भी जांच जारी है।
इस सफल कार्रवाई में एसटीएफ टीम के निरीक्षक पावन स्वरूप, निरीक्षक विकास कुमार, उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, विपिन चंद्र जोशी, केजी मठपाल सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। इसके अलावा कोतवाली जसपुर पुलिस टीम ने भी अहम भूमिका निभाई।

Chief Editor, Aaj Khabar
