Headlines

Haldwani: 25 अप्रैल से शुरू होगी जनगणना 2027 की पहली चरण प्रक्रिया, काठगोदाम में मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आरंभ

Haldwani: 25 अप्रैल से शुरू होगी जनगणना 2027 की पहली चरण प्रक्रिया, काठगोदाम में मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आरंभ
शेयर करे-

Haldwani: जनपद नैनीताल में आगामी जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रथम चरण के तहत मकानों की सूचीकरण एवं गणना का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक किया जाएगा। इसी क्रम में सोमवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में मास्टर ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य को पूरा करने में जनगणना अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश और राज्य की अधिकांश विकास योजनाएं जनगणना के आंकड़ों पर आधारित होती हैं, इसलिए यह कार्य अत्यंत जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से किया जाना आवश्यक है।

प्रथम चरण में मकानों एवं परिवारों के सूचीकरण के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण का संचालन अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी के निर्देशन में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी द्वारा फील्ड प्रशिक्षुओं को जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संग्रहण और डिजिटल माध्यम से कार्य करने की विस्तृत जानकारी दी गई।

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसमें मोबाइल एप के जरिए डेटा संकलन होगा। उन्होंने प्रशिक्षुओं को एप संचालन, डेटा एंट्री और सर्वेक्षण प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराते हुए कहा कि यह कार्य प्रशासन की विश्वसनीयता और पारदर्शिता की कसौटी है, इसलिए आंकड़ों की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने कहा कि डिजिटल जनगणना से डेटा संग्रहण अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगा। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से इस राष्ट्रीय कार्य को गंभीरता से लेने और पूरी जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का आह्वान किया।

वहीं, जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 के बीच 15 दिनों तक प्रदेश की जनता को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी प्रक्रियाओं, हाउस लिस्टिंग ऑफिसर (एचएलओ) के गठन, डेटा संकलन और रिपोर्टिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के सभी विकास खंडों के उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार तथा फील्ड प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *