Haldwani: उत्तराखंड परिवहन निगम के काठगोदाम डिपो की सीएनजी बस सोमवार देर रात दिल्ली से हल्द्वानी लौटते समय पिलखुवा के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में तीन यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, काठगोदाम डिपो से संचालित सीएनजी बस (संख्या UK04PA 1963) सोमवार रात करीब 12:30 बजे आनंद विहार, दिल्ली से 10 यात्रियों को लेकर हल्द्वानी के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 1:30 बजे पिलखुवा के समीप बस आगे चल रहे एक वाहन से टकरा गई। इसके बाद बस की एक अन्य वाहन से भी भिड़ंत हो गई, जिससे बस के भीतर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे में तीन यात्रियों को अधिक चोटें आने पर उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, अन्य यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए भेजा गया।
बस में चालक मोहम्मद शाहिद और परिचालक विक्रम सिंह चिलवाल तैनात थे। बताया गया कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से चला गया, जबकि परिचालक बस में मौजूद रहा और यात्रियों की सहायता करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित रवाना कराने की व्यवस्था में जुटा रहा।

Chief Editor, Aaj Khabar
