॰ खड़गे की हल्द्वानी रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटी कांग्रेस
॰ हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद
Haldwani: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की देहरादून रैली के बाद कांग्रेस ने अब कुमाऊं में अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं।
हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में आयोजित बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक सुमित हृदयेश, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करण मेहरा समेत कई वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में जनसभा की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां, भीड़ प्रबंधन, प्रचार-प्रसार और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 8 अगस्त की यह जनसभा कुमाऊं की सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में से एक होगी, जिसमें विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता शामिल होगी।
पार्टी के अनुसार, मल्लिकार्जुन खड़गे अपने संबोधन में पेपर लीक, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर भी कांग्रेस अपना पक्ष रखेगी।
राहुल गांधी की देहरादून रैली के बाद हल्द्वानी में प्रस्तावित यह जनसभा कांग्रेस के लिए कुमाऊं में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति को धार देने के लिहाज से अहम मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें 8 अगस्त को होने वाली इस जनसभा पर टिकी हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
