Haldwani: गौलापार क्षेत्र के देवला तल्ला पजाया इलाके में अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग पर विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग डेढ़ सौ प्लॉटों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एवं प्राधिकरण के संयुक्त सचिव एपी वाजपेई के नेतृत्व में की गई।
प्रशासन ने मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से तीन हेक्टेयर में फैले अवैध निर्माण को गिराया। इस दौरान सीओ नितिन लोहनी, बनभूलपुरा थाना एसओ नीरज भाकुनी और प्राधिकरण के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बताया गया कि संबंधित भूमि पर बिना किसी अनुमति के प्लाटिंग की जा रही थी, जिसे लेकर पहले ही विकास प्राधिकरण ने संबंधित पक्षों को चालान और नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी था।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिन्होंने दावा किया कि उन्होंने जमीन खरीदी है और उसी पर प्लाटिंग कर रहे थे।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ इसी प्रकार की कठोर कार्रवाइयां जारी रहेंगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

