Headlines

Dehradun: ऑपरेशन सिंदूर की गौरवगाथा को समर्पित “तिरंगा यात्रा”, मुख्यमंत्री धामी ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

Dehradun: ऑपरेशन सिंदूर की गौरवगाथा को समर्पित “तिरंगा यात्रा”, मुख्यमंत्री धामी ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आज शौर्य स्थल चीड़बाग से गांधी पार्क तक भव्य “तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा” का आयोजन किया गया। यह यात्रा हाल ही में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न किए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक विजय को समर्पित रही। हजारों की संख्या में आम नागरिकों, पूर्व सैनिकों, युवाओं एवं महिलाओं ने इस पद यात्रा में भाग लिया और तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति का उत्साह प्रकट किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा शौर्य स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले सैनिकों, वायुसेना, नौसेना और अन्य सुरक्षा बलों को नमन करते हुए कहा कि भारत ने एक बार फिर यह प्रमाणित किया है कि वह आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक और प्रभावी कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने अपने वीर सपूतों की बहादुरी का प्रदर्शन किया और यह स्पष्ट संदेश दिया कि नया भारत अब आतंकवाद का जवाब उसी की भाषा में देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत की सीमाएं अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीकों से सुरक्षित हैं और देश हर आतंकी चुनौती का सशक्त उत्तर देने में सक्षम है।

उन्होंने उत्तराखण्ड को वीर भूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश का लगभग हर परिवार राष्ट्रसेवा से जुड़ा है। उन्होंने युवाओं से सेना और सुरक्षा बलों की अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की कि ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में ‘तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा’ का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाएगा।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विधायक श्री खजान दास, श्री उमेश शर्मा काऊ, श्री बृज भूषण गैरोला, श्री भरत चौधरी, देहरादून के मेयर श्री सौरभ थपलियाल, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री तरुण विजय, भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री आदित्य कोठारी, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, दर्जाधारी रजनी रावत, डॉ. देवेंद्र भसीन एवं श्री श्याम अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Dehradun

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *