Haldwani: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद सोशल मीडिया पर कथित AI एडिटेड और फेक वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया है। वीडियो में मूल वीडियो की आवाज के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे भ्रामक और आपत्तिजनक रूप में प्रसारित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर मंगलवार को महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी की ओर से SP सिटी को तहरीर दी गई। कांग्रेस ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कथित फेक वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि पिछले तीन दिनों से यह कथित फेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कई बड़े नेता भी इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रामक वीडियो समाज में भ्रम की स्थिति पैदा करने के साथ ही सांप्रदायिक तनाव का माहौल बनाने का प्रयास हैं। इससे शहर की शांति और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। कांग्रेस ने पुलिस से वीडियो की सत्यता और उसके स्रोत की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि तहरीर देने का उद्देश्य सोशल मीडिया पर कथित फेक वीडियो के प्रसारण और प्रचार पर तत्काल रोक लगाना तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि शहर की फिजा बिगाड़ने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होने दिया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
