Headlines

Champawat: चम्पावत में एनएच 09 पर खाई में गिरी कार, चार घायल और एक की मौत की सूचना

Champawat: चम्पावत में एनएच 09 पर खाई में गिरी कार, चार घायल और एक की मौत की सूचना
शेयर करे-

• पुलिस एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

Champawat: राष्ट्रीय राजमार्ग 09 पर बनलेख के समीप मंगलवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूके 05 टीए 5045 बनलेख क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और 108 एंबुलेंस सेवा को सक्रिय कर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाई और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय चम्पावत भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने रेस्क्यू अभियान में जुटी टीमों की तत्परता और आपसी समन्वय की सराहना की।

रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह धोनी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, किशोर सिंह और अमित मिश्रा के साथ होमगार्ड जवान दीपक, कमल कुमार और नीरज सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान में पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीण भी सक्रिय रूप से जुटे रहे।

मौके पर उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल समेत प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *