Headlines

Nainital: कुमाऊं में 5 करोड़ से अधिक की 52 परियोजनाओं की समीक्षा, आयुक्त दीपक रावत ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश

Nainital: कुमाऊं में 5 करोड़ से अधिक की 52 परियोजनाओं की समीक्षा, आयुक्त दीपक रावत ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश
शेयर करे-

Nainital: कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार नैनीताल में निर्माण विंग एवं उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से मंडल में 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडल स्तरीय समीक्षा की।

बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों ने बताया कि कुमाऊं मंडल में कुल 52 निर्माण कार्य संचालित हैं, जिनमें 48 कार्य वर्तमान में गतिमान हैं। इनमें ऊधम सिंह नगर में 7, चंपावत में 15, नैनीताल में 7, अल्मोड़ा में 6, बागेश्वर में 1 और पिथौरागढ़ में 5 कार्य शामिल हैं।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभिन्न जनपदों में राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल विस्तारीकरण, केंद्रीय कारागार सितारगंज, काठगोदाम बस टर्मिनल, मेट्रोपोल होटल परिसर सरफेस पार्किंग, रामनगर बस टर्मिनल एवं बस डिपो, सोबन सिंह जीना आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान, विभिन्न राजकीय पॉलिटेक्निक, टनकपुर आईएसबीटी, फायर स्टेशन, इंजीनियरिंग कॉलेज और पिथौरागढ़ बेस चिकित्सालय समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर निर्माण कार्य चल रहा है।

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जिन परियोजनाओं में तकनीकी, प्रशासनिक, भूमि संबंधी अथवा अन्य कारणों से बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं, उनका संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, विभागीय समन्वय, भूमि हस्तांतरण और न्यायालय में लंबित मामलों समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ परियोजनाएं वन भूमि हस्तांतरण और न्यायालय में प्रकरण लंबित होने के कारण प्रभावित हैं।

बैठक में मुख्य अभियंता पेयजल निगम आलोक कुमार, महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम अनुज पांडे समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *