Haldwani: 29 सितंबर को होने वाले एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने कॉलेज सभागार में निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया।
ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को लिंगदोह कमेटी के मानकों का शत प्रतिशत पालन कराने, मुख्य चौराहों, बैरियरों और प्रवेश द्वारों पर प्रभावी चेकिंग व फ्रिस्किंग करने तथा ड्रोन टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। मोबाइल टीमों को लगातार गश्त करने और जीरो जोन में छात्रों के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखने को कहा गया।
पुलिस को क्राउड कंट्रोल पर विशेष ध्यान देने, अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने तथा अराजक तत्वों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन ड्यूटी में तैनात कर्मियों को वाहनों को लगातार मोबिलाइज करने और अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न होने देने के निर्देश भी दिए गए।
मतगणना केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने देने के लिए सतर्क रहने को कहा गया। सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर लगातार अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए।
छात्रसंघ चुनाव के लिए पुलिस ने पर्याप्त बल तैनात किया है। इसमें 06 जीओ, 09 इंस्पेक्टर, 10 एसओ/एसएसआई, 37 आईसी/ओपी/एसआई, 16 एलएसआई, 30 एएसआई, 33 हेड कांस्टेबल, 03 एलएचसी, 77 कांस्टेबल, 34 महिला कांस्टेबल, 01 एंटी रॉयट टीम, 01 टियर गैस टीम, 02 फायर यूनिट तथा आईआरबी/पीएसी की 01 कंपनी (डेढ़ सेक्शन) शामिल है।
ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निर्बाध संपन्न कराने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च भी किया। इस दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार सहित पुलिस एवं कॉलेज प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
