Haldwani: आगामी मॉनसून सीज़न के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने के लिए मंगलवार को गौलापार स्टेडियम के निकट व्यापक आपदा मॉक ड्रिल का आयोजन किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास का नेतृत्व इंसिडेंट कमांडर एवं उपजिलाधिकारी हल्द्वानी ने किया।
मॉक ड्रिल में पुलिस, चिकित्सा विभाग, सीआरपीएफ, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग, अग्निशमन सेवा, पशु चिकित्सा, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभ्यास के दौरान ऐसा परिदृश्य तैयार किया गया कि गोला नदी के तेज बहाव के कारण 300 खिलाड़ी और कर्मचारी फंस गए हैं, जबकि 20 से 25 परिवार भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
सभी विभागों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए फंसे खिलाड़ियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। राहत एवं बचाव अभियान के साथ आवश्यक सेवाओं को भी शीघ्र बहाल किया गया। घायलों का प्राथमिक उपचार स्टेजिंग एरिया में स्थापित चिकित्सा केंद्र पर किया गया, जहां राहत शिविर में आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। वहीं, गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को मॉक ड्रिल के तहत सुशीला तिवारी अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आगामी मॉनसून सीज़न के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना था। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मॉनसून के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं।


Chief Editor, Aaj Khabar
