Dehradun: उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड को समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के गठन के राज्य सरकार के फैसले का भाजपा ने जोरदार स्वागत किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसे अल्पसंख्यक समाज के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि नए शिक्षा प्राधिकरण के गठन से अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। इससे मुस्लिम, सिख, जैन समेत सभी अल्पसंख्यक समुदायों के बच्चों को आधुनिक शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और कौशल विकास से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से मिलने वाली डिग्रियों और प्रमाणपत्रों को सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र में अधिक मान्यता मिलेगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर खुलेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में अल्पसंख्यक समाज के बच्चों की शिक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर है तो उसे इस पहल का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और कुछ अन्य संगठन राजनीतिक लाभ के लिए मुस्लिम समुदाय को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार जनसांख्यिकीय संतुलन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अल्पसंख्यक संस्थानों के शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष के भ्रामक प्रचार से सरकार अपने फैसलों से पीछे नहीं हटेगी और राज्यहित में ऐसे कदम आगे भी जारी रहेंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar
