Headlines

Nainital: मानसून आपदा से निपटने को नैनीताल प्रशासन की बड़ी तैयारी, पांच स्थानों पर सफल मॉक ड्रिल की निगरानी करते रहे डीएम

Nainital: मानसून आपदा से निपटने को नैनीताल प्रशासन की बड़ी तैयारी, पांच स्थानों पर सफल मॉक ड्रिल की निगरानी करते रहे डीएम
शेयर करे-

Nainital: आगामी मानसून सीजन में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों के तहत गुरुवार को जनपद नैनीताल में पांच अलग-अलग स्थानों पर व्यापक आपदा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से सभी घटनास्थलों पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आयोजित इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों की आपदा प्रबंधन क्षमता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय का परीक्षण करना था। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत भी वीसी से जुड़े रहे।

मॉक ड्रिल नैनीताल फ्लैट मैदान, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार, बेतालघाट के बधो स्थित काली पहाड़ी, कालाढूंगी के निहाल नाले तथा लालकुआं के बिंदुखत्ता गौला नदी क्षेत्र में आयोजित की गई। सभी स्थानों पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, सिंचाई, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान का अभ्यास किया।

गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान गौला नदी में तेज बहाव के बीच 20 से 25 लोगों के फंसे होने की काल्पनिक सूचना पर राहत दलों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस से सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजने का अभ्यास भी किया गया।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को संसाधन, उपकरण और मानवबल हर समय तैयार रखने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए।

मॉक ड्रिल के समापन पर आयोजित डीब्रीफिंग सत्र में अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए भविष्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *