Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की पत्थर से कुचलकर हत्या की, पुलिस ने हत्यारोपी को दबोचा

Haldwani: हल्द्वानी में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की पत्थर से कुचलकर हत्या की, पुलिस ने हत्यारोपी को दबोचा
शेयर करे-

Haldwani: बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को सन्न कर दिया। अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना 13 बीघा पानी की टंकी के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, इंतज़ार नामक व्यक्ति अपनी 35 वर्षीय पत्नी शाहीन और दो बच्चों के साथ वहीं रहता था। कुछ समय से इंतज़ार को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था। गुरुवार की दोपहर मामूली बहस के दौरान गुस्से में आकर इंतज़ार ने घर के बाहर पड़ा भारी पत्थर उठाया और पत्नी शाहीन के सिर पर लगातार वार करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला के गिरने के बाद भी आरोपी वार करता रहा, जिससे शाहीन गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को एसटीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान शाहीन की मौत हो गई।

सीओ सिटी नितिन लोहनी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति इंतज़ार को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत एकत्र किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, शाहीन एक मिलनसार महिला थी और लंबे समय से पति के शक और मारपीट से परेशान थी। इस निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *