Pauri: जनपद के मोहनचट्टी क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां जंपिंग हाइट्स के पास एक जेसीबी मशीन अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक सुबोध (27 वर्ष), पुत्र जगराम, निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही लक्ष्मण झूला थाने से एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला को रेस्क्यू के लिए रवाना किया गया। एसआई पंकज सिंह खरोला के नेतृत्व में टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच वैकल्पिक मार्ग से नीचे उतरकर शव को खोज निकाला। जेसीबी ऊपर से दिखाई नहीं दे रही थी, जिसके कारण सर्च ऑपरेशन में काफी समय लगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात करीब 12 बजे भारी आवाज सुनाई दी थी, लेकिन अंधेरे के कारण घटना का पता नहीं चल पाया।
कड़ी मशक्कत के बाद शव को रोप और स्ट्रेचर की मदद से खाई से बाहर निकाला गया और सड़क मार्ग तक पहुंचाकर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। इसके बाद शव को एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। घटना की खबर से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Chief Editor, Aaj Khabar

