Haldwani: एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में काठगोदाम पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं।
घटना की शुरुआत तब हुई जब काठगोदाम क्षेत्र के विकास कुमार मंडल समेत तीन लोगों की बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ सिटी नितिन लोहनी और थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गौलापुल के पास से दो अभियुक्तों—सौरभ आर्या (26) और संजय बिष्ट (24)—को चोरी की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक के साथ धर दबोचा।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की गाड़ियों को बेचने जा रहे थे। सौरभ आर्या की निशानदेही पर पुलिस ने दो और मोटरसाइकिलें तथा दो स्कूटी बरामद कीं, जिनके संबंध में हल्द्वानी और काठगोदाम थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सौरभ आर्या पर पूर्व में आर्म्स एक्ट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि संजय बिष्ट के खिलाफ भी 2023 में चोरी का मामला दर्ज हुआ था।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक रविन्द्र राणा, और कॉन्स्टेबल अशोक रावत, प्रेम प्रकाश तथा सुरेंद्र सिंह शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल ने टीम को ₹2,500 का इनाम देने की घोषणा की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
