Headlines

Uttarakhand: टनकपुर में सीएम धामी ने किया शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ, 185 करोड़ से बदलेगा घाट का स्वरूप

Uttarakhand: टनकपुर में सीएम धामी ने किया शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ, 185 करोड़ से बदलेगा घाट का स्वरूप
शेयर करे-

Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शारदा घाट में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ₹185.20 करोड़ की लागत से बनने वाली शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना आस्था, संस्कृति, और सतत विकास का अद्भुत संगम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर का उद्देश्य बनबसा से माता रंकोची तक की घाटी को धर्म, प्रकृति और रोजगार के सुंदर संगम के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यह भूमि अब केवल आस्था का केंद्र नहीं रहेगी, बल्कि आर्थिक समृद्धि और अवसरों की नई धारा प्रवाहित करेगी।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के अंतर्गत शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना में सुरक्षित स्नान घाट, आरती स्थल, स्वच्छता एवं विश्राम की सुविधाएं, सुंदर घाट, सुगम पहुँच मार्ग, पैदल पथ, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। आरती स्थल को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक से निर्मित किया जाएगा, जिसमें रेनवाटर हार्वेस्टिंग और फ्लोर कूलिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएँ होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रतिरोधी संरचनाओं से नदी के प्रवाह को नियंत्रित किया जाएगा ताकि आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना धार्मिक पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में नई गति लाएगी तथा पूरे क्षेत्र के लिए विकास का प्रतीक बनेगी।

इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, शंकर कोरंगा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *