Haldwani: उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के तहत सोमवार को नैनीताल जिले से 37 श्रद्धालुओं का दल गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर देहरादून के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल उन लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत यात्रियों को आने-जाने, आवास, भोजन, चिकित्सा और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा और प्रदेश व देश की उन्नति की कामना की।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखण्ड के सभी 13 जिलों से आए यात्रियों का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि सभी 13 जिलों के श्रद्धालु अपने-अपने जनपदों का पवित्र जल कलश भी सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे। राज्य सरकार की इस विशेष यात्रा में वातानुकूलित रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की समस्त व्यवस्था निःशुल्क की गई है। यात्रा में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक और समाजसेवा से जुड़े लोग शामिल हैं। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
नैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष सहित कुल 37 श्रद्धालु शामिल हुए।
इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, खण्ड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
