Headlines

Rudrapur: पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ वांटेड जितेंद्र चौधरी, दो साथी भी गिरफ्तार

Rudrapur: पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ वांटेड जितेंद्र चौधरी, दो साथी भी गिरफ्तार
शेयर करे-

Rudrapur: रुद्रपुर में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। लंबे समय से फरार और कई फायरिंग मामलों में वांटेड चल रहा जितेंद्र चौधरी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि उसके दो साथियों सुमित राठौर और चंदन को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार जितेंद्र चौधरी 21 जून को गाबा चौक पर हुई फायरिंग और 30 जून को ट्राला पर हुई फायरिंग की घटना में वांटेड था। दूसरी घटना में पीलीभीत निवासी शाइस्ता नाम की महिला गोली लगने से घायल हुई थी। इन मामलों के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी।

सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि जितेंद्र अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस के अनुसार जब संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया तो वे भागकर एक आम के बगीचे में पहुंच गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया गया, जबकि उसके दोनों साथियों को भी दबोच लिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक जितेंद्र चौधरी के खिलाफ कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें सात उत्तर प्रदेश और तीन उत्तराखंड में दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए कब्जे में लिए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके संभावित आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की भी जांच कर रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और वांटेड अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Rudrapur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *