Ramnagar: रामनगर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत रामनगर पुलिस ने 7.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शिवलालपुर तिराहा से आगे काशीपुर-रामनगर रोड स्थित हिल टाउन होटल के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बाइक संख्या UK06V-2398 के वाइजर में छिपाकर रखी गई 7.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्मैक काशीपुर से खरीदकर लाए थे। उसका कुछ हिस्सा स्वयं सेवन करते थे, जबकि बाकी अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
पुलिस ने विजय नेगी (22) निवासी धोबीघाट, गुल्लरघट्टी, रामनगर तथा मोहम्मद आलम (25) निवासी कदीमा मस्जिद के पास, रामनगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ कोतवाली रामनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में 7.34 ग्राम अवैध स्मैक और मोटरसाइकिल संख्या UK06V-2398 शामिल है।

Chief Editor, Aaj Khabar
