Nainital: जनपद में संभावित प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार जिले में भूकम्प, बादल फटना, वनाग्नि, भूस्खलन, हिमस्खलन, बाढ़, बांध टूटना, सुरंग धंसना, बड़े वाहनों की दुर्घटनाएं और हेलीकॉप्टर क्रैश जैसी आपदाओं से होने वाले नुकसान को देखते हुए समयपूर्व तैयारी बेहद जरूरी है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना आदान-प्रदान, विभागों के बीच समन्वय और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहानि और संसाधनों की क्षति को कम किया जा सके।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 16 और 17 मार्च 2026 को जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मॉक ड्रिल और पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 16 मार्च को जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत नामित अधिकारियों और प्रमुख विभागों के साथ एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। वहीं तहसील स्तर पर परगना मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में आईआरएस टीम और नामित अधिकारी अपने-अपने तहसील मुख्यालयों के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 17 मार्च को आपदा पूर्वाभ्यास के तहत जिले की विभिन्न तहसीलों—कैंचीधाम, खनस्यूं, कालाढुंगी, हल्द्वानी और नैनीताल—में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान चिन्हित स्थानों पर स्टेजिंग एरिया, इंसिडेंट कमांड सेंटर, राहत शिविर और चिकित्सा शिविर स्थापित करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा।
पूर्वाभ्यास अभियान के तहत स्थानीय आईआरटी दलों का गठन, साइट चीफ और टास्क फोर्स के कार्मिकों की तैनाती के साथ आवश्यक उपकरण और संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों, परगना मजिस्ट्रेटों और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथियों पर आयोजित भूकम्प एवं आपदा मॉक ड्रिल में समय पर प्रतिभाग सुनिश्चित करें।

Chief Editor, Aaj Khabar
