Headlines

Nainital: एलपीजी सिलेंडर कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए छापेमारी के निर्देश

Nainital: एलपीजी सिलेंडर कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए छापेमारी के निर्देश
शेयर करे-

Nainital: जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और कुछ स्थानों पर कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को गैस वितरण व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते घरेलू गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसी के साथ कुछ स्थानों से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं। ऐसे में आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, सभी उप जिलाधिकारियों और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया है कि जनपद में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए। साथ ही गैस वितरण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों के गोदामों में सिलेंडरों के स्टॉक की स्थिति, उपभोक्ताओं को गैस वितरण की प्रक्रिया, एक सिलेंडर के बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग के बीच निर्धारित अंतराल के नियमों का पालन, अवैध रिफिलिंग की रोकथाम तथा उपभोक्ताओं की गैस पासबुक में वितरण का सही अंकन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छापेमारी के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी या जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *