Haldwani: जनपद नैनीताल की वित्तीय वर्ष 2026-27 की ₹7018.90 लाख (करीब ₹70 करोड़) की जिला योजना को शनिवार को सर्वसम्मति से अनुमोदन मिल गया। प्रसार प्रशिक्षण केन्द्र बागजाला में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री खजान दास की अध्यक्षता में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया, जिससे जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने प्रस्तावित जिला योजना का विस्तृत खाका प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसमें जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही पिछले वर्षों के अधूरे कार्यों को पूरा करने और रोजगारपरक योजनाओं को विशेष रूप से शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट का संतुलित वितरण करते हुए सभी क्षेत्रों के विकास को ध्यान में रखा गया है और कार्यों की जियो टैगिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने विभागवार बजट प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे समिति ने मंजूरी दी। कुल 37 विभागों को इस योजना के तहत बजट आवंटित किया गया है। प्रमुख विभागों में लोक निर्माण विभाग को ₹10 करोड़, जल संस्थान को ₹6 करोड़, युवा कल्याण को ₹5.80 करोड़, सिंचाई विभाग को ₹4.25 करोड़, उद्यान विभाग को ₹4 करोड़, पशुपालन को ₹3.10 करोड़, नलकूप को ₹3.12 करोड़ और कृषि विभाग को ₹2.40 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
प्रभारी मंत्री खजान दास ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिला योजना की धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग इसी वित्तीय वर्ष में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और जल जीवन मिशन के तहत मिल रही शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने को कहा। साथ ही आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं, जिन पर मंत्री ने गंभीरता से कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को मिलकर समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
