Haldwani: शनिवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आम जनता की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पारिवारिक विवाद और ओबीसी प्रमाण पत्र जैसे अहम मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। घोड़ाखाल रोड भवाली निवासी जितेंद्र कुमार, जिन्होंने वर्ष 2022-23 में डी फार्मा करने के बाद ड्रग लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, उनका आवेदन बार-बार निरस्त हो रहा था। इस पर आयुक्त ने संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई करवाई और 17 अप्रैल 2026 को उनका ड्रग लाइसेंस आवेदन स्वीकृत हो गया।
वहीं मंगल पड़ाव मछली बाजार निवासी विद्यावती ने अपने दिवंगत पति की दो साल की बकाया तनख्वाह दिलाने की गुहार लगाई। आयुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उन्हें उनका हक दिलाया जाएगा।
रामनगर निवासी पार्वती रावत के भूमि विवाद मामले में भी आयुक्त ने तहसीलदार को जांच कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बरेली रोड निवासी माया जोशी की आर्थिक समस्या को देखते हुए उनके बच्चों की फीस के मामले में स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर मौके पर समाधान कराया गया।
जनसुनवाई में आयुक्त की सक्रियता और त्वरित निर्णयों से लोगों को बड़ी राहत मिली और प्रशासनिक व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ।


Chief Editor, Aaj Khabar
