Headlines

Haridwar: चारधाम यात्रा 2026 का भव्य शुभारंभ, हरिद्वार में कमिश्नर और आईजी ने की गंगा पूजा, 18 लाख से अधिक पंजीकरण

Haridwar: चारधाम यात्रा 2026 का भव्य शुभारंभ, हरिद्वार में कमिश्नर और आईजी ने की गंगा पूजा, 18 लाख से अधिक पंजीकरण
शेयर करे-

Haridwar: उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा का आज से विधिवत शुभारंभ हो गया है। रविवार दोपहर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए, जिसके साथ ही यात्रा का आगाज हो गया।

यात्रा के सफल और सकुशल संचालन की कामना को लेकर हर की पैड़ी पर गंगा पूजन किया गया। इस अवसर पर गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित अन्य अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने कहा कि चारधाम यात्रा को निर्विघ्न और सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से गंगा पूजन किया गया है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार को चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार माना जाता है, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आगे की यात्रा के लिए रवाना होते हैं। इसको देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

उन्होंने जानकारी दी कि जिलाधिकारी और एसएसपी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं और सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। ऋषिकुल मैदान में रजिस्ट्रेशन काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि यात्रा के दौरान ओवर रेटिंग की शिकायतें न आएं और यात्रियों को समय-समय पर मौसम की सटीक जानकारी मिलती रहे। सुरक्षा, ट्रैफिक और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष करीब 51 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा में हिस्सा लिया था, जबकि इस बार यात्रा शुरू होने से पहले ही 18 लाख से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि इस वर्ष भी यात्रा में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।

Char Dham Yatra Begins Today

चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ हो गया है। गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुले, हरिद्वार में गंगा पूजन हुआ, 18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पहले ही पंजीकरण कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *