Haldwani: नैनीताल पुलिस ने काठगोदाम क्षेत्र में देर रात साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर नहर में बह रहे एक युवक की जान बचा ली। अंधेरी रात और तेज बहाव के बीच पुलिसकर्मी और फायर सर्विस के जवान नहर में उतरे और युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।
घटना 20 अगस्त 2026 की रात्रि करीब 10:30 बजे की है। सूचना मिली कि काठगोदाम क्षेत्र स्थित कौलटैक्स नहर में दिल्ली के विकासपुरी निवासी 35 वर्षीय नरोत्तम पुत्र पुरुषोत्तम बह गया है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में उपनिरीक्षक दलीप, उपनिरीक्षक कुमकुम और कांस्टेबल प्रताप गढ़िया तत्काल घटनास्थल पहुंचे। फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
रात के घने अंधेरे और नहर के तेज बहाव के बावजूद कांस्टेबल प्रताप गढ़िया और फायरमैन रविचंद्र रजवार बिना देरी किए नहर में उतर गए। दोनों जवानों ने अथक प्रयास करते हुए युवक की तलाश की और उसे सकुशल रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया।
इसके बाद डायल 112 वाहन से युवक को उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर युवक को एंबुलेंस में शिफ्ट कर सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
नैनीताल पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई, साहस और कर्तव्यनिष्ठा से एक अनमोल जिंदगी बच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों टीमों के साहसिक कार्य की जमकर सराहना की और उत्तराखंड पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाए।

Chief Editor, Aaj Khabar
