Haldwani: काठगोदाम सर्किट हाउस में जिला पंचायत की आंतरिक बोर्ड बैठक अध्यक्ष दीपा देवी दरम्वाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में 10 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें फरवरी 2026 में नए हाट बाजार टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने और तब तक पुराने प्रस्तावों को स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में काठगोदाम के पुराने डांग बंगला भवन को बहुउद्देशीय भवन/कार्यालय के रूप में विकसित करने और भीमताल गेस्ट हाउस के सौंदर्यीकरण व दुकानों की मरम्मत कर किराए पर देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे पंचायत की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पार्किंग निर्माण, सेवानिवृत्त पटवारी व तहसीलदारों की सेवाएं लेने, वित्त आयोग की अनुदान राशि के उपयोग और अध्यक्ष हेतु नई इनोवा वाहन क्रय जैसे विषयों पर भी विचार हुआ।
सदस्यों ने क्षेत्रीय समस्याएं उठाईं, जिनमें गौलापार की नहरों की मरम्मत, आवारा पशुओं की समस्या, सड़कों के गड्ढे, पर्वतीय क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण, मंदिरों का सौंदर्यीकरण और कैंची धाम पार्किंग शुल्क की व्यवस्था शामिल रही। बजट के अभाव में 18 जिला पंचायत सड़कों के रखरखाव पर चिंता जताई गई।
अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार ने आश्वासन दिया कि पिछले वर्ष की टेंडरकृत योजनाएं पूरी होंगी और शेष प्रस्तावों पर सहमति से निर्णय लिया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट समेत सभी जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
