Headlines

Haldwani: अक्षय तृतीया पर हल्द्वानी में परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया

Haldwani: अक्षय तृतीया पर हल्द्वानी में परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया
शेयर करे-

Haldwani: अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव को लेकर हल्द्वानी के कालाढूंगी रोड स्थित भगवान परशुराम चौक पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अखिल ब्राह्मण उत्थान महासभा के राष्ट्रीय संयोजक पंडित विशाल शर्मा के नेतृत्व में सुबह विधिवत पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान भगवान परशुराम के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाते हुए प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के लोक गायक दीपक सुयाल ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया और समाज में जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम संयोजक पंडित विशाल शर्मा ने इस अवसर पर सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से ब्राह्मण समाज की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग को सरकार ने नजरअंदाज किया, जिससे समाज में आक्रोश बढ़ रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यूजीसी जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से ब्राह्मण समाज के बच्चों के अवसरों को सीमित किया जा रहा है, जिससे समाज में नाराजगी है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ब्राह्मण और क्षत्रिय समाज को बांटने का प्रयास कर रही है, जिससे सामाजिक एकता पर खतरा पैदा हो सकता है।

पंडित विशाल शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार का यही रुख जारी रहा तो वर्ष 2027 में ब्राह्मण समाज खुद को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल नहीं होने देगा और इसका राजनीतिक असर देखने को मिलेगा।

इस कार्यक्रम में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री प्रकाश हरबोला, पंडित मोहन कांडपाल, विनय तिवारी, निशा वैला, दीपक सुयाल, तारु तिवारी सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *