Haldwani: महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली एक गंभीर घटना का खुलासा करते हुए हल्द्वानी पुलिस ने रात के अंधेरे में घर की दीवार फांदकर महिला के कपड़े चोरी करने वाले एक विकृत मानसिकता के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के क्रम में यह सफलता हासिल हुई। महेश नगर, नवाबी रोड निवासी एक महिला ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जून की देर रात एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर की दीवार फांदकर परिसर में घुस आया और बाहर सूख रहे महिला के कपड़े चोरी कर ले गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और जांच चौकी प्रभारी हीरा नगर उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ को सौंपी गई।
प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज व वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 24 जून को पंचायतघर रोड स्थित क्रिकेट मैदान के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकेत सिंह बिष्ट (34 वर्ष), पुत्र खीम सिंह बिष्ट, निवासी समीर विहार फेज-1, कुसुमखेड़ा, मुखानी के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए महिला के सभी कपड़े बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
