Nainital: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मल्लीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक चोरी कर फरार हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, 11 मई 2026 को मल्लीताल निवासी पुष्कर आर्या ने कोतवाली मल्लीताल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 मई को एक युवक ने उनकी बाइक किराये पर ली और कुछ दूरी तक घूमने के बाद टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ नैनीताल अंजना नेगी तथा प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के मूवमेंट को ट्रैक किया। जांच में पता चला कि आरोपी कालाढूंगी और हल्द्वानी होते हुए भीमताल पहुंचा था। भीमताल के एक गेस्ट हाउस के विजिटर रजिस्टर की जांच के दौरान आरोपी की पहचान विजय सिंह राणा (23 वर्ष), निवासी विजयपुर, द्वाराहाट, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में उसके गृह क्षेत्र में दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। बुधवार 24 जून को मिली सटीक सूचना के आधार पर मल्लीताल पुलिस ने बारापत्थर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल UK04TB6551 अवेंजर भी बरामद कर ली गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी से संबंधित मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र जोशी, हेड कांस्टेबल संजीत राणा, कांस्टेबल संतोष बिष्ट, शाहिद अली और विजेंद्र धामी शामिल रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
