Dehradun: उत्तराखंड के चारधाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। संभावित खतरे को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों, मंदिर परिसरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से दूरभाष पर बातचीत कर केदारनाथ और बदरीनाथ धाम सहित चारों धामों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव भी साझा किए।
हेमंत द्विवेदी ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल और सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। सुरक्षा बलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।
मंदिर परिसरों, यात्रा मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के जरिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। बीकेटीसी और स्थानीय प्रशासन तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो सके।
पुलिस ने धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों और खुफिया एजेंसियों की मदद से धमकियों के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
